Sunday, 29 July 2012

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया आक्रोश का इजहार

त्रिवेणीगंज(सुपौल),निप्र:प्रखंड भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय सांसद व विधायक के किसी भी सार्वजनिक या जन कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों में एनडीए के घटक दल भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी व उपेक्षा किए जाने को लेकर अफसोस के साथ आक्रोश का इजहार किया है। प्रखंड भाजपा के महामंत्री विनय कुमार भरतिया ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जद यू सांसद व विधायक द्वारा जन कल्याण के निमित किए जा रहे किसी भी शिलान्यास या उद्घाटन के अलावा सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं की खोज खबर नहीं ली जाती है। जबकि कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं की जगह कांग्रेस व राजद कार्यकर्ता नजर आते हैं। महामंत्री श्री भरतिया ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा कार्यकर्ताओं की खोज होती है। भाजपाई चुनाव में बढ़ चढ़कर भाग लेकर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करते है। उपेक्षा से कार्यकर्ता मर्माहत हैं। मौके पर रजनीश ठाकुर, विनित कुमार, सत्य नारायण मंडल, सुभाष भगत, जय नारायण सरदार आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment